
पीरटांड़ : राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे सिंधिया गुरुवार को जैन तीर्थ नगरी मधुबन पहुंची।उनके साथ पूर्व सांसद रवींद्र पांडेय ,जिला अध्यक्ष महादेव दुबे, सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव, महामंत्री सुभाष सिन्हा आदि थे। वसुंधरा राजे सबसे पहले मधुबन की गुणायतन संस्था पहुंची। वहां प्रमाण सागर महाराज से भेंट की। उसके बाद भोमिया बाबा मंदिर पहुंची ।यहां उन्होंने भोमिया बाबा मंदिर में माथा टेका। इसी दौरान वे भाजपा नेताओं से भी मिली। इस दौरान भाजपा के लोगों ने उनका स्वागत किया। मधुबन की संस्था शिखरजी स्वच्छता समिति के लोगों ने भी उनका स्वागत किया। उनके आगमन को ले गुणायतन संस्था व जैन श्वेतांबर सोसायटी ने विशेष तैयारी कर रखी थी। दोनों संस्थाओं ने कुछ सामग्री भेंट कर उनका स्वागत किया। बहरहाल गुरुवार को 42 डिग्री तापमान झेलती हुई जब वसुंधरा राजे गुणायतन की तरफ डग भर रही थी तो गर्मी से उनका हाल-बेहाल था। पर, उनमें जुनून था जैन तपस्वी प्रमाण सागर महाराज से मिलने का। पसीना जब पोंछते नहीं रुक रहा था तो वे धूप से बचने को अपनी हथेली को ही आंख के ऊपर कर लिया। फिर मुनिश्री से आशीर्वाद लेकर लौंटी व बगोदर के लिए कूच कर गईं।

