Chaibasa : अवैध बालू लदे तीन वाहन जब्त, सोनुवा में तड़के खनन विभाग ने की कार्रवाईचाईबासा :पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ जिला खनन कार्यालय ने बुधवार तड़के बड़ी कार्रवाई की। खान निरीक्षक देवानंद शर्मा के नेतृत्व में सुबह करीब 3 बजे औचक निरीक्षण के दौरान वैधमारा रेलवे फाटक, सोनुवा के पास से बिना वैध कागजात के बालू लदे तीन ट्रैक्टर ट्रॉली को पकड़ा गया। सभी वाहनों पर लगभग 120 सीएफटी बालू लदा हुआ था। पकड़े गए तीनों वाहनों को जब्त कर सोनुवा थाना को सुपुर्द कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद गुदड़ी सोनुवा थाना की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि डीसी के आदेश के बावजूद अवैध बालू परिवहन का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है।
गुदड़ी से चक्रधरपुर तक चल रहा अवैध खेल
सूत्रों के अनुसार रोक के बावजूद गुदड़ी से अवैध बालू की लोडिंग कर सोनुवा थाना के बगल से होते हुए चक्रधरपुर तक पहुंचाया जा रहा है। बालू माफिया प्रशासन की नजरों से बचकर रात के समय बड़े पैमाने पर अवैध परिवहन कर रहे हैं। प्रशासन की सख्ती के बावजूद माफिया सक्रिय हैं।
विभाग ने कहा, कार्रवाई जारी रहेगी
जिला खनन कार्यालय ने बताया कि मामले में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ खनन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। खनन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमित जांच अभियान चलाकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध खनन या परिवहन की सूचना जिला खनन कार्यालय या नजदीकी थाने को दें। अवैध खनन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
Read Also: RANCHI NEWS: रांची स्टेशन पर आरपीएफ ने की घेराबंदी, बच्चे की सोने का लॉकेट छीनने वाला आरोपी गिरफ्तार

