
Jamshedpur : सेन्ट्रल पब्लिक स्कूल (सीपीएस), आदित्यपुर की कक्षा 12 के 81 छात्रों ने अर्का जैन विश्वविद्यालय का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्रों ने विभिन्न विभागों का अवलोकन करने के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के भविष्य और करियर की संभावनाओं पर आयोजित सेमिनार में हिस्सा लिया।
भ्रमण के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड आईटी, स्कूल ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट, स्कूल ऑफ फार्मेसी, स्कूल ऑफ डिजाइन और स्कूल ऑफ लॉ का दौरा किया। संबंधित विभागों में छात्रों को पाठ्यक्रम, अध्ययन की सुविधाओं और रोजगार से जुड़ी संभावनाओं की जानकारी दी गई। ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उसकी भविष्य की संभावनाएं’ विषय पर आयोजित सेमिनार में विशेषज्ञों ने एआई के बढ़ते प्रभाव और विभिन्न क्षेत्रों में इसकी उपयोगिता पर जानकारी साझा की। एसोसिएट प्रोफेसर राजकुमारी ने छात्रों को अलग-अलग पाठ्यक्रमों के साथ उनसे जुड़े करियर विकल्पों के बारे में विस्तार से बताया।
छात्रों के साथ वरिष्ठ शिक्षक डॉ. मुकेश कुमार सिंह, सोमा मैत्रा, लतिका सिंह और सुजाता दास भी मौजूद रहीं। सीपीएस आदित्यपुर के प्राचार्य रामा शंकर सिंह ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण और संवाद विद्यार्थियों को 12वीं के बाद अपने लिए उपयुक्त करियर विकल्प चुनने में मदद करते हैं। उन्होंने छात्रों को यह अवसर देने के लिए विश्वविद्यालय प्रबंधन के प्रति आभार जताया।

