
रांची : झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय CUJ में नए सत्र 2026-27 के ग्रेजुएशन कोर्स में एडमिशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसके लिए आधिकारिक नोटिस जारी कर दिया है। जो छात्र यहां एडमिशन लेना चाहते हैं, वे 13 से 25 जुलाई 2026 तक यूनिवर्सिटी के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
इस एडमिशन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए यूनिवर्सिटी ने कुछ जरूरी शर्तें रखी हैं। केवल वही छात्र रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं, जो इस साल की CUET यूजी परीक्षा में शामिल हुए हैं और जिनके पास वैलिड स्कोरकार्ड है। परीक्षा में उन्हीं विषयों को चुना हो, जो CUJ के उस संबंधित कोर्स की योग्यता के लिए जरूरी हैं।
कितना लगेगा रजिस्ट्रेशन शुल्क
काउंसलिंग में शामिल होने के लिए छात्रों को ऑनलाइन फीस देनी होगी। ध्यान रहे कि यह फीस किसी भी हाल में वापस नहीं की जाएगी। जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस छात्रों के लिए 800 रुपये, एससी और एसटी के लिए 400 रुपये एवं दिव्यांग और सभी वर्गों की छात्राओं के लिए200 रुपये निर्धारित है।
एक फीस में 3 कोर्स चुनने का विकल्प
विश्वविद्यालय ने छात्रों की सुविधा के लिए एक बेहतरीन मौका दिया है। एक बार रजिस्ट्रेशन फीस देने के बाद छात्र अपनी पसंद के अधिकतम तीन अलग-अलग कोर्स चुन सकते हैं। इससे छात्रों को अपनी मनपसंद स्ट्रीम में एडमिशन मिलने की संभावना बढ़ जाएगी।
Read Also:

