
जामताड़ा : जामताड़ा सदर अस्पताल में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मियों के वेतन भुगतान में कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। आरोप है कि कोषागार से पारित वाउचर में दर्शाए गए मानदेय और कर्मियों के बैंक खातों में जमा राशि में बड़ा अंतर है। इससे कर्मियों में नाराजगी बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, कोषागार से पारित वाउचर में विभिन्न पदों के लिए 22,689 रुपये से 31,324 रुपये तक मासिक मानदेय स्वीकृत है। हालांकि, कई कर्मियों के खातों में सिर्फ 13,032 रुपये ही जमा किए गए हैं। भुगतान आउटसोर्सिंग एजेंसी कमांडो इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स, हजारीबाग के माध्यम से किया गया।
बताया गया कि 3 जुलाई को सिविल सर्जन कार्यालय ने आउटसोर्सिंग कर्मियों के वेतन भुगतान के लिए करीब 14.10 करोड़ रुपये का आवंटन किया था। इसमें सदर अस्पताल, जामताड़ा, नाला, नारायणपुर और कुंडहित के स्वास्थ्य संस्थानों के लिए अलग-अलग राशि जारी की गई थी। निर्देश था कि बायोमेट्रिक उपस्थिति के आधार पर भुगतान किया जाए।
हाल ही में सदर अस्पताल और नारायणपुर में वेतन भुगतान के दौरान अधिकांश कर्मियों के खातों में एक समान 13,032 रुपये जमा किए जाने से कर्मियों ने सवाल उठाए हैं।
सिविल सर्जन ने जांच का दिया आश्वासन
सिविल सर्जन डॉ. शिवप्रसाद मिश्रा ने कहा कि सभी आउटसोर्सिंग कर्मी कुशल श्रेणी में आते हैं और संबंधित संस्थानों को वेतन राशि आवंटित कर दी गई है। उन्होंने बताया कि एक-दो दिन में सभी कर्मियों का भुगतान पूरा होने के बाद वाउचर और वास्तविक भुगतान का मिलान किया जाएगा। यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
श्रम विभाग को नहीं मिला नियमित रिटर्न
श्रम अधीक्षक देव कुमार मिश्रा ने बताया कि कमांडो इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स ने विभाग में अब तक नियमित रिटर्न जमा नहीं किया है। कर्मचारियों की संख्या और वेतन भुगतान का अद्यतन विवरण भी उपलब्ध नहीं कराया गया है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर विभाग मामले की जांच करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले तीन महीनों से सर्वर संबंधी समस्या के कारण ऑनलाइन प्रक्रिया प्रभावित रही है।
आज समाप्त हो रही एजेंसी की अनुबंध अवधि
सदर अस्पताल में मानवबल उपलब्ध कराने वाली कमांडो इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स, हजारीबाग का अनुबंध 31 जुलाई को समाप्त हो रहा है। नई एजेंसी के चयन या आगे की व्यवस्था को लेकर अभी तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई स्पष्ट निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। इससे आउटसोर्सिंग कर्मियों में भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
निर्धारित मासिक मानदेय (चयनित पद)
- स्टाफ नर्स – ₹31,224
- लैब टेक्नीशियन – ₹31,324
- स्टोर कीपर – ₹31,324
- डायलिसिस टेक्नीशियन – ₹31,324
- फिजियोथेरेपिस्ट – ₹31,324
- ओटी टेक्नीशियन – ₹31,324
- सीएसएसडी सहायक – ₹31,324
- ईसीजी टेक्नीशियन – ₹31,324
- डार्क रूम सहायक – ₹31,324
- कंप्यूटर ऑपरेटर – ₹31,324
- इलेक्ट्रिशियन – ₹31,324
- गार्डनर – ₹22,689
- लॉन्ड्री वर्कर – ₹22,689
- चपरासी – ₹22,689
- सिक्योरिटी गार्ड – ₹28,341
Read Also:

