
रांची: झारखंड में सरकारी नौकरियों के लिए जेपीएससी और जेएसएससी द्वारा आयोजित परीक्षाओं में गड़बड़ी और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर अब यहां भी छात्र आंदोलन बड़ा रूप लेता जा रहा है। अलग-अलग छात्र और राजनीतिक संगठन इसके विरोध में लगातार सड़कों पर उतर रहे हैं। सूचना है कि 6 अगस्त से शुरू हो रहे झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के पहले ही दिन राज्यभर के छात्र विधानसभा का घेराव कर सकते हैं।
इसे देखते हुए राज्य के खुफिया विभाग (विशेष शाखा) ने सभी जिलों को अलर्ट किया है। विभाग ने रांची, जमशेदपुर, धनबाद समेत सभी जिलों के उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को कड़े सुरक्षा इंतजाम करने और चौकसी बरतने के निर्देश दिए हैं। विधानसभा घेराव की आहट को देखते हुए प्रशासन अब किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर है।
दिल्ली आंदोलन की तर्ज पर तैयारी
खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य के कोने-कोने से सैकड़ों छात्र ट्रेन और बसों के जरिए रांची पहुंचने की योजना बना रहे हैं। छात्रों की नाराजगी सिर्फ परीक्षा में धांधली को लेकर ही नहीं है, बल्कि समय पर स्कॉलरशिप न मिलने, पारदर्शी प्रक्रिया न अपनाने और राज्य की बदहाल शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी है।
मोरहाबादी में डटे हैं छात्र
न्याय मंच के बैनर तले छात्र अपनी मांगों को लेकर 25 जुलाई से ही रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। विरोध जताने के लिए 29 जुलाई को छात्रों ने पैदल मार्च निकालकर संविधान की प्रस्तावना पढ़ी और राष्ट्रगान गाया था। वहीं, 30 जुलाई को आजसू छात्र संघ की अगुवाई में भी सैकड़ों छात्रों ने बापू वाटिका से राजभवन तक मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया।
जेपीएससी में गड़बड़ी के आरोप में सुमन गिरफ्तार
रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग की संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा-2025 में गड़बड़ी की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अभ्यर्थी सुमन सौरभ को हजारीबाग पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया है। सुमन सौरभ पर परीक्षा में अनुचित साधनों का इस्तेमाल कर चयन होने का आरोप है। जांच टीम की पूछताछ में उसने परीक्षा में अनुचित तरीके अपनाने की बात स्वीकार कर ली है। सीआईडी पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
Read Also : Jharkhand News: रामकृपाल कंस्ट्रक्शन के कई ठिकानों पर आयकर टीम की धमक, झारखंड -बिहार में एक साथ सर्च ऑपरेशन

