
Nuvoco vistas corp News : न्युवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड ने क्लीनमैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड के साथ राजस्थान में 46.4 मेगावॉट के विंड-सोलर हाइब्रिड रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट के लिए साझेदारी की है। इसका उद्देश्य न्युवोको के सीमेंट संयंत्रों को स्वच्छ बिजली उपलब्ध कराना और कंपनी की डीकार्बोनाइजेशन रणनीति को मजबूत करना है।
राजस्थान के भीखमखोर में विकसित होने वाली परियोजना में 20 मेगावॉट विंड और 26.4 मेगावॉट डीसी सोलर क्षमता होगी। साथ ही 2 मेगावॉट-घंटा क्षमता का बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (बीईएसएस) लगाया जाएगा। परियोजना के चालू होने पर सालाना करीब 100 मिलियन यूनिट स्वच्छ बिजली उत्पादन होने की उम्मीद है।
कंपनी के अनुसार, इससे हर साल करीब 1,25,485 टन सीओ₂ उत्सर्जन कम करने में मदद मिलेगी। उत्पादित बिजली स्टेट ट्रांसमिशन यूटिलिटी (एसटीयू) के ओपन एक्सेस नेटवर्क के जरिये सीधे न्युवोको के संयंत्रों को दी जाएगी।
न्युवोको के एमडी जयकुमार कृष्णास्वामी ने इसे टिकाऊ और हरित परिचालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। क्लीनमैक्स के फाउंडर एवं एमडी कुलदीप जैन ने कहा कि यह परियोजना सीमेंट उद्योग की निरंतर बिजली जरूरतों के लिए दीर्घकालिक स्वच्छ ऊर्जा समाधान उपलब्ध कराएगी।

