– मुख्यमंत्री मंईयां योजना के दो लाभुकों समेत विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच किया चेक व परिसंपत्तियों का वितरण

दुमका: Jharkhand Governor Santosh Gangwar : स्वतंत्रता दिवस की पूर्वसंध्या पर बुधवार को दुमका सदर प्रखंड के आसनसोल पंचायत भवन में मौजूद आमजनों से बतौर मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मुख्यमंत्री मंईयां योजना के दो लाभुकों के बीच पहले माह की राशि का चेक समेत विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों के वितरण के बाद सीधा संवाद करते हुए कहा कि वे अपनी किसी भी समस्या को बिना किसी भय व संकोच के कहें। इसके लिए आप सभी को बार-बार आने की कोई आवश्यकता नहीं है। आप पत्र के जरिए अपनी बातों को कह सकते हैं जिसका न सिर्फ समुचित हल किया जाएगा बल्कि इसकी जानकारी भी आप तक पहुंचाई जाएगी। कहा कि आपके इसी काम के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझे आपके बीच भेजा है। इससे पूर्व मैं लोकसभा के सदस्य के तौर पर काम करता था और अब मुझे दूसरी जिम्मेवारी मिली है। राज्यपाल गुरुवार को उपराजधानी दुमका के पुलिस लाइन मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लेने पहली बार दुमका आने के
बाद आसनसोल पंचायत के ग्रामीणों के बीच पहुंचे थे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पूर्व के एक प्रधानमंत्री कहते थे कि वह केंद्र से आमजन के लिए एक रुपये भेजते हैं लेकिन उन तक 15 पैसा ही पहुंचता है लेकिन अब समय बदल चुका है।
अब 100 में 99 भी नहीं पूरे 100 आपके खाते में पहुंच रहा है। कहा कि वे यहां के आमजनों से मिलकर उनकी बातों को सुनने आएं हैं। इसलिए आप लोग अपनी शिकायत व समस्याओं को कायदे से जरूर कहें। पूरा शासन-प्रशासन जनता के प्रति जवाबदेह होकर काम करने के लिए जिम्मेवार है।
इस देश की पहचान आमजन हैं और आप सबों के बदौलत ही देश चल रहा है। अगर आप अपनी बातों को नहीं कहेंगे तो बदलाव संभव नहीं है। कहा कि जनप्रतिनिधियों के आश्वासन पर खामोश रहने के बजाए उनसे निदान की मांग करने की मांग करें।
गुणवत्ता से कतई समझौता नहीं करें। महिलाओं से कहा कि वह बच्चों व खासकर बालिकाओं को जरूर शिक्षित बनाएं तभी भावी पीढ़ी आगे बढ़ेगी। इस मौके पर उन्होंने झारखंड समेत देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश के प्रगति पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। कहा कि विश्वास है कि अगले कुछ वर्षों में भारत दुनियां की तीसरी बड़ी ताकत बनेगा।
सामूहिक सहयोग से हम तमाम लक्ष्यों को हासिल कर पाएंगे। आसनसोल पंचायत की मुखिया पूर्णिमा पुजहर ने राज्यपाल को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस मौके पर उपायुक्त ए.दोड्डे ने आसनसोल पंचायत के प्रोफाइल की पूरी जानकारी से राज्यपाल को अवगत कराया।

