बोकारो : झारखंड के बोकारो जिला अंतर्गत गोमिया थाना क्षेत्र के लुगुपहाड़ी जंगल में सोमवार को हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए आठ नक्सलियों को ढेर कर दिया था। मारे गए नक्सलियों में दो महिलाएं और छह पुरुष शामिल हैं। इन सभी के शव सोमवार देर रात भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चास स्थित अनुमंडल अस्पताल लाए गए। मंगलवार की सुबह चार सदस्यीय मेडिकल बोर्ड की निगरानी में इनका पोस्टमार्टम किया गया। इस दौरान पोस्टमार्टम प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ अंजाम देने के लिए वीडियोग्राफी भी कराई गई। इस मौके पर बेरमो एसडीएम मुकेश मछुआ, सिटी मजिस्ट्रेट कुमार कनिष्क सहित चार दंडाधिकारी मौजूद रहे।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि प्रशासन द्वारा परिजनों को सूचना देने के बावजूद कोई भी परिजन इनका शव लेने अस्पताल नहीं पहुंचा। फिलहाल सभी शव बोकारो जनरल अस्पताल के मोर्चरी में सुरक्षित रखे गए हैं। इस मुठभेड़ में मारा गया प्रयाग मांझी उर्फ विवेक नक्सली संगठन का एक बड़ा चेहरा था। धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र का रहने वाला यह नक्सली लंबे समय से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के लिए सिरदर्द बना हुआ था।
उस पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में मारे गए बाकी नक्सली झारखंड के गिरिडीह और बिहार के जमुई जिले से ताल्लुक रखते थे। घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार, नक्सली साहित्य और संचार उपकरण भी बरामद हुए हैं, जो यह संकेत देते हैं कि ये नक्सली किसी बड़ी साजिश की तैयारी में थे। पुलिस का मानना है कि यह कार्रवाई नक्सल विरोधी अभियान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
पोस्टमार्टम किए गए नक्सलियों की सूची
– प्रयाग मांझी – दलुबुढा, थाना टुंडी, जिला धनबाद
– अरविंद यादव – भेलवा मोहनपुर, थाना सोनो, जिला जमुई, बिहार
– साहेबराम मांझी – करंदो, थाना पीरटाड़, जिला गिरिडीह
– गंगाराम उर्फ पवन लंगर – खुखरा, थाना खुखरा, जिला गिरिडीह
– महेश साव – बरियारपुर – तालो दी – बंदखारो, थाना निमियाघाट, जिला गिरिडीह
– महेश मांझी – गरांडो, थाना पीरटांड़, जिला गिरिडीह – रंजू मांझी – मझलाडीह, थाना डुमरी, जिला गिरिडीह
Read also- Jamshedpur Rajendra Vidyalaya : 17500 रुपए फाइन नहीं भरा तो छात्र को 10वीं में बैठने से रोका

