Jamshedpur : नए साल की शुरुआत के मौके पर आम उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। गेल गैस लिमिटेड ने घरेलू पाइप्ड प्राकृतिक गैस (PNG) और कंप्रेस्ड प्राकृतिक गैस (CNG) की कीमतों में कटौती की घोषणा की है। कंपनी ने घरेलू पीएनजी के दाम ₹1 प्रति एससीएम और सीएनजी के दाम ₹1 प्रति किलोग्राम घटा दिए हैं।

कंपनी के अनुसार यह फैसला पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय (MoPNG) और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (PNGRB) की उपभोक्ता हितैषी नीतिगत पहलों का परिणाम है। नई दरें 1 जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, झारखंड, छत्तीसगढ़, राजस्थान और ओडिशा में गेल गैस के सभी अधिकृत भौगोलिक क्षेत्रों में लागू हो चुकी हैं।
गेल गैस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि केंद्र सरकार और पीएनजीआरबी द्वारा लगातार किए जा रहे सुधारों से सीएनजी और घरेलू पीएनजी को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2026 से लागू पीएनजीआरबी के संशोधित एकीकृत टैरिफ, विशेष रूप से सीएनजी और घरेलू पीएनजी के लिए जोन-1 टैरिफ व्यवस्था, से गैस परिवहन की लागत में कमी आएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि कीमतों में की गई यह कटौती भारत सरकार की गैस-आधारित अर्थव्यवस्था की परिकल्पना के अनुरूप है और इससे उपभोक्ताओं को स्वच्छ व पर्यावरण-अनुकूल ईंधन अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
गौरतलब है कि गेल गैस लिमिटेड, महारत्न कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है और देश के 16 भौगोलिक क्षेत्रों में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन परियोजनाओं का संचालन कर रही है।
Read Also: Chaibasa News: उप विकास आयुक्त ने सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखा कर किया रवाना

