चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में सड़क निर्माण कार्य के दौरान खोदे गए गड्ढे में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में ठेकेदार के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।
बताते हैं कि सरायकेला-खरसावां जिले के आमदा ओपी थाना क्षेत्र के पिताकलांग गांव निवासी शिवशंकर प्रधान अनुबंध पर अमीन के रूप में कार्यरत थे। शुक्रवार की रात वह मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान चक्रधरपुर में उलीडीह से चार मोड़ तक बन रही सड़क के पास गोपीनाथपुर पंचायत के लौवजोड़ा गांव के समीप निर्माणाधीन पुलिया के लिए खोदे गए गड्ढे में उनकी मोटरसाइकिल समेत गिरने से घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
बताया जाता है कि सड़क निर्माण के दौरान कई स्थानों पर पुलिया निर्माण के लिए गड्ढे खोदे गए हैं, लेकिन वहां किसी प्रकार का साइन बोर्ड या बैरिकेडिंग नहीं लगाई गई थी। आशंका जताई जा रही है कि रात के अंधेरे में गड्ढा दिखाई नहीं देने के कारण शिवशंकर प्रधान उसमें गिर गए।
घटना की जानकारी शनिवार सुबह तब मिली जब स्थानीय लोगों ने पुलिया निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में मोटरसाइकिल के साथ एक शव देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल मामले की सूचना टोकलो थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही टोकलो थाना प्रभारी अंकित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर निर्माण स्थल के पास उचित बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए गए होते तो यह हादसा टाला जा सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य कर रहे संवेदक की लापरवाही पर नाराजगी जताई है।
READ ALSO: RANCHI CITY NEWS: ANM प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर निषेधाज्ञा लागू, जानें किन चीजों पर रहेगी रोक

