Jamshedpur : सीतारामडेरा थाना पुलिस ने मानगो बस स्टैंड के पास छापेमारी कर करीब 26 किलोग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर बिहार और पश्चिम बंगाल में बेचने की तैयारी में थे।
पुलिस ने बताया कि सीतारामडेरा थाना में 14 मार्च को दोपहर करीब 3:35 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि मानगो बस स्टैंड के गेट नंबर-05 के बगल में स्थित शौचालय के पास कुछ युवक भारी मात्रा में गांजा लेकर खड़े हैं और उसे बिहार तथा पश्चिम बंगाल ले जाने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) की निगरानी में तथा पुलिस उपाधीक्षक मु०-प्रथम भोला प्रसाद सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की और वहां से दो लोगों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के किशनगंज थाना क्षेत्र के मझादिया निवासी 35 वर्षीय बिश्वजीत विश्वास तथा बिहार के नवादा जिले के मोगलाखर, ओपी बुलन्द्रखंड थाना नवादा निवासी 25 वर्षीय मो. ताबीज के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान बिश्वजीत विश्वास के पास से करीब 17 किलोग्राम गांजा, 5000 रुपये नकद और विवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया गया। वहीं मो. ताबीज के पास से करीब 9 किलोग्राम गांजा, 1800 रुपये नकद और पोको कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन मिला।
इस छापेमारी अभियान में पुलिस उपाधीक्षक मु०-प्रथम भोला प्रसाद सिंह, सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा, सहायक अवर निरीक्षक सूरज प्रसाद, अक्षय कुमार, सुशील प्रसाद, रामनेत राम, सरयू राम, हवलदार संजय तिर्की, आरक्षी रविन्द्र कुमार सिंह, आरक्षी संतोष कुमार सहित टैंगो-25 और 26 के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B) और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गांजा तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
Read also Jamshedpur Accident : ग्रामीणों ने ड्राइवर को बना लिया था बंधक, बाद में पुलिस ने कर लिया गिरफ्तार

