चाईबासा : झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित सेरेंगसिया घाटी में शनिवार की सुबह कोल्डड्रिंक्स से लदा एक ट्रक (TATA 407) अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। वाहन पलटते ही आसपास के लोग और राहगीर कोल्ड ड्रिंक की बोतलें और कार्टन लूटकर भागने लगे। जानकारी के अनुसार, वाहन कोल्डड्रिंक्स लोड कर चाईबासा की ओर जा रहा था।
सेरेंगसिया घाटी के तीखे मोड़ पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सड़क किनारे पलट गई। हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं। लेकिन, पलटते ही वाहन में लदे कोल्डड्रिंक्स के सैकड़ों कार्टन सड़क पर बिखर गए। हादसा होते ही आसपास के गांव के लोग और सड़क से गुजर रहे राहगीर मौके पर जमा हो गए। देखते ही देखते लोगों ने कोल्डड्रिंक्स के कार्टन और बोतलें उठाना शुरू कर दिया। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक आधे से ज्यादा कोल्डड्रिंक्स लूटकर लोग फरार हो चुके थे। पुलिस ने लोगों को खदेड़कर बाकी बचा सामान सुरक्षित कराया।
बताया जाता है कि इस हादसे और लूटपाट में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस क्षतिग्रस्त वाहन को उठाने की व्यवस्था कर रही है। इधर पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। लूट में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। चालक का बयान दर्ज कर लिया गया है। घाटी में हादसे के कारण करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति रही।

