Chaibasa : भारतीय जनता पार्टी की चाईबासा जिला इकाई के तत्वावधान में जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू के नेतृत्व में मंगलवार को महिला सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के तहत चाईबासा स्थित पोस्ट ऑफिस चौक में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया तथा उनके खिलाफ नारेबाजी की गई।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी महिलाओं को उनका समुचित अधिकार नहीं मिल पाया है। लोकसभा एवं विधानसभा में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 33 प्रतिशत महिला आरक्षण की परिकल्पना कर नारी वंदन अधिनियम के तहत प्रस्ताव लाया गया था। किंतु राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्ष द्वारा इसका विरोध किया गया, जिसके कारण आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं मिल सका और यह महत्वपूर्ण बिल पारित नहीं हो पाया।
उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक ओर देश की महिलाएं अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर विपक्ष द्वारा सदन में मेज थपथपाकर खुशी व्यक्त की गई, जो नारी सम्मान के लिए लज्जाजनक है। पूरे देश की मातृशक्ति ने इस घटना को देखा और महसूस किया कि विपक्षी दल महिलाओं को उनका अधिकार देने के पक्ष में नहीं हैं।कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं एवं मातृशक्ति ने हाथों में मशाल लेकर पोस्ट ऑफिस चौक से गांधी मैदान होते हुए शहीद पार्क तक जोरदार नारेबाजी के साथ पदयात्रा निकाली।
इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं पार्टी कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही।गीता बालमुचू ने कहा कि आज की भारतीय नारी कमजोर नहीं, बल्कि चिंगारी है। महिलाएं अपने अधिकार लेने के लिए पूरी तरह सक्षम हैं और सड़क से सदन तक अपनी लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मातृशक्ति अपने अधिकार लेकर ही रहेगी और कोई भी राजनीतिक बाधा उन्हें रोक नहीं सकती।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष शुरू नदी सतीश पुरी जिला महामंत्री भूषण पाट पिंगुआ, उपाध्यक्ष रंजन प्रसाद ,सनी पासवान, पवन शर्मा, चंद्र मोहन तियु, नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार प्रताप कटियार महतो, रोहित दास, रूपा सिंह दास, रीना कर, डोली कर, पिंटू प्रसाद मुकेश सिंह, कामेश्वर विश्वकर्मा, हेमंत केशरी, संजय पति, अनिल दास, जगमोहन बिरुली, दिलीप महतो इत्यादि सैकड़ों की संख्या में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल रहे।

