
रांची : झारखंड सरकार की भवन नियमितीकरण योजना को जमीन पर प्रभावी तरीके से लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 14 मई को ऑनलाइन पोर्टल लाॅन्च किया जाएगा। राजधानी रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में सुबह 11 बजे आयोजित कार्यक्रम में नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार पोर्टल लॉन्च करेंगे। सरकार का उद्देश्य है कि भवन नियमितीकरण की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और ऑनलाइन माध्यम से सुलभ बनाया जा सके, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
झारखंड चेंबर के पूर्व अध्यक्ष एवं भवन नियमितीकरण को लेकर गठित विशेष समिति के चेयरमैन किशोर मंत्री ने बताया कि राज्य में बड़ी संख्या में ऐसे भवन हैं, जिनमें नक्शा से मामूली विचलन या तकनीकी त्रुटियों के कारण नियमितीकरण की समस्या बनी हुई थी। ऐसे लोगों को अब इस योजना के माध्यम से राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन पोर्टल शुरू होने के बाद आवेदन प्रक्रिया आसान होगी और लोगों को कार्यालयों के चक्कर भी कम लगाने पड़ेंगे।
जानकारी के अनुसार, इस योजना के तहत निर्धारित मापदंडों के भीतर बने भवनों को नियमित करने का प्रावधान किया गया है। पोर्टल के माध्यम से लोग ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेज अपलोड और शुल्क भुगतान जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। सरकार को उम्मीद है कि इससे शहरी क्षेत्रों में भवन संबंधी लंबित मामलों के समाधान में तेजी आएगी।

