
चाईबासा : झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ की जूनियर चयन समिति ने आगामी सत्र 2026-27 के लिए अंडर-19 क्रिकेट कैंप हेतु 22 खिलाड़ियों की सूची जारी की है। इस सूची में पश्चिमी सिंहभूम जिले के चार खिलाड़ियों ने जगह बनाई है। 5 जुलाई से रांची के JSCA अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शुरू हो रहे इस कैंप के लिए अंतर जिला अंडर-19, अंतर जोनल अंडर-19 प्रतियोगिता और चयन ट्रायल मैचों में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन किया गया है। पश्चिमी सिंहभूम से चयनित खिलाड़ियों में मध्यमक्रम के बल्लेबाज साकेत कुमार सिंह और सुमित शर्मा, उद्घाटक बल्लेबाज आमर्त्य चौधरी तथा बाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज सत्यम सिंह शामिल हैं। खास बात यह है कि साकेत कुमार सिंह और सत्यम सिंह पिछले सत्र में भी झारखण्ड अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ के सचिव सौरभ तिवारी के हस्ताक्षर से जारी निर्देश के अनुसार सभी चयनित खिलाड़ियों को 4 जुलाई को अपराह्न 3 बजे के बाद जे०एस०सी०ए० स्टेडियम में रिपोर्ट करना है। 5 से 18 जुलाई तक चलने वाले इस कैंप में सबसे पहले सभी खिलाड़ियों को फिटनेस टेस्ट यानी यो-यो टेस्ट पास करना अनिवार्य होगा। जो खिलाड़ी इस टेस्ट में असफल रहेंगे, उन्हें कैंप में शामिल नहीं किया जाएगा।पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने चारों खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आगामी सत्र के लिए चयनित 22 खिलाड़ियों में जिले के चार खिलाड़ियों का चयन होना जिला संघ के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये सभी खिलाड़ी कड़ी मेहनत से अंतिम 16 सदस्यीय टीम में जगह बनाएंगे और राज्य के साथ-साथ जिले का नाम भी रोशन करेंगे।चयनित खिलाड़ियों की उपलब्धि से जिले के युवा क्रिकेटरों में भी उत्साह का माहौल है।

