धनबाद : झारखंड में धनबाद स्थित सोनारडीह (कतरास) के टंडाबारी में गुरुवार की देर रात प्रकृति और खनन के गठजोड़ ने ऐसा खौफनाक मंजर दिखाया, जिसे देख रूह कांप उठी। धरती फटने से देखते ही देखते आधी बस्ती जमींदोज हो गई। अचानक हुए भू-धंसान के कारण पूरी की पूरी बस्ती करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में समा गई। पूर्व प्रमुख मीनाक्षी रानी गुड़िया के घर सहित दर्जनों घरों का नामोनिशान मिट गया। आधी रात के सन्नाटे के बीच धरती के फटने की आवाज ने लोगों को इस कदर डरा दिया कि लोग गहरी नींद से जागकर अपने मासूम बच्चों को कलेजे से चिपकाकर नंगे पैर जान बचाकर भागने लगे।

बताया जाता है कि देर रात जब लोग अपने घरों में सो रहे थे, तभी अचानक जमीन हिलने लगी और देखते ही देखते पक्के मकान ताश के पत्तों की तरह ढहकर पाताल में समाने लगे। अचानक आई इस आपदा और भागदौड़ के दौरान कई लोग मलबे की चपेट में आने व गिरने से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया है। एक घर के भीतर खड़ी कार भी मलबे के साथ जमीन के भीतर धंस गई। जान बचाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे लोगों की चीख-पुकार सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। अपना सब कुछ खो चुके परिवारों का कहना है कि उन्होंने जीवन भर की कमाई से ये घर बनाए थे, लेकिन सिस्टम की लापरवाही ने एक पल में मिट्टी में मिला दिया।

एनएच-32 कर दिया जाम, फूटा गुस्सा
घटना के बाद विस्थापित और प्रभावित लोगों का आक्रोश बीसीसीएल प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने शुक्रवार को सुरक्षा और पुनर्वास की मांग को लेकर एनएच-32 को पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क पर धरने पर बैठे ग्रामीणों का आरोप है कि बीसीसीएल की अनदेखी के कारण आज दर्जनों परिवार सड़क पर आ गए हैं। बताया जाता है कि प्रशासन को पूर्व में भी धंसान की चेतावनी दी गई थी, लेकिन अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

जिला पुलिस और सीआईएसएफ तैनात
तनावपूर्ण स्थिति और लोगों के भारी आक्रोश को देखते हुए घटनास्थल पर जिला पुलिस और सीआईएसएफ की टीम तैनात कर दी गई है। पुलिस उग्र ग्रामीणों को समझाने और यातायात सुचारू करने का प्रयास कर रही हैं। हालांकि, प्रभावित परिवारों ने दोटूक कह दिया है कि जब तक सुरक्षित पुनर्वास और उचित मुआवजे का लिखित आश्वासन नहीं मिलता, वे पीछे नहीं हटेंगे। पूरे क्षेत्र में इस वक्त मातमी सन्नाटा और भारी दहशत का माहौल है।
Read Also- Ranchi Crime News: रांची में जगरनाथ मंदिर के गार्ड की हत्या, इलाके में आक्रोश

