गोरखपुर : मौनी अमावस्या (Mauni Amavasya) पर महाकुंभ जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के लिए रेलवे ने पूरी तैयारी कर ली है। इसके लिए 27 से 31 जनवरी तक विभिन्न रूटों से 184 महाकुंभ मेला स्पेशल ट्रेनें संचलित होंगी। गोरखपुर से प्रयागराज रामबाग और झूसी के लिए 47 महाकुंभ स्पेशल ट्रेनें चलेंगी।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार 27 जनवरी को बनारस, भटनी, गोरखपुर, अयोध्या धाम, छपरा, आजमगढ़, दोहरीघाट एवं गोमती नगर स्टेशन से प्रयागराज रामबाग तथा झूसी के लिए 16 तथा वापसी के लिए 14 महाकुंभ मेला स्पेशल ट्रेन चलाई जाएंगी। 28 जनवरी को बनारस, भटनी, गोरखपुर, अयोध्या धाम, छपरा, आजमगढ़, दोहरीघाट, गोमती नगर, काठगोदाम एवं कासगंज स्टेशन से प्रयागराज रामबाग तथा झूसी के लिए 23 तथा वापसी में 21 महाकुंभ स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।
वहीं, 29 जनवरी को बनारस, भटनी, गोरखपुर, अयोध्या धाम, छपरा, आजमगढ़ एवं दोहरीघाट स्टेशन से प्रयागराज रामबाग तथा झूसी के लिए 23 तथा वापसी में 24 महाकुंभ मेला स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। 30 जनवरी को बनारस, भटनी, गोरखपुर, अयोध्या धाम, छपरा, आजमगढ़ एवं दोहरीघाट स्टेशन से प्रयागराज रामबाग तथा झूसी के लिए 21 तथा वापसी यात्रा के लिए 21 महाकुंभ मेला स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। 31 जनवरी को बनारस, भटनी, गोरखपुर एवं छपरा से प्रयागराज रामबाग तथा झूसी के सात तथा वापसी यात्रा के लिए 14 महाकुंभ मेला स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।
कार्यरत रहेंगे 30 मोबाइल यूटीएस
यात्रियों की सुविधा के लिए 300 से अधिक टिकट चेकिंग स्टाफ तैनात किए गए हैं। जनरल टिकट उपलब्ध कराने के लिए 30 मोबाइल यूटीएस कार्यरत रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए आरपीएफ और आरपीएसएफ के 1,065 जवान तैनात किए गए हैं। प्रयागराज रामबाग एवं झूसी स्टेशनों पर अपराधियों की निगरानी के लिए सादे कपड़ों में रेलवे सुरक्षा बल विशेष आसूचना शाखा (एसआइबी) की टीमें लगाई गई हैं।

