RANCHI : रांची नगर निगम द्वारा शहर में आजीविका संवर्धन और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में गुरुवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। नगर निगम स्थित मेयर आफिस में रोशनी खलखो की अध्यक्षता में सिटी लाइवलीहुड एक्शन प्लान (क्लैप) के तहत फोकस ग्रुप डिस्कशन के लिए स्टेकहोल्डर्स की बैठक हुई। जिसमें डिप्टी मेयर, पार्षद, निगम के अधिकारी, एनआईटी कालीकट के प्रतिनिधि, महिला स्वयं सहायता समूह, सामुदायिक संसाधन सेविका तथा असंगठित क्षेत्र के श्रमिक शामिल हुए।
बैठक में मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर के स्लम एरिया और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की पहचान कर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए योजनाएं तैयार की जाएं। उन्होंने कहा कि वार्ड पार्षदों के सहयोग से ऐसे लोगों का डाटा तैयार किया जाए, ताकि उन्हें सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जा सके। साथ ही भविष्य की योजनाओं में उनके समेकित विकास के लिए आवश्यक सुझावों पर भी रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया।
मेयर ने शहर की विकास योजनाओं के तहत कई परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा की उपस्थिति में वार्ड संख्या 7 के गाड़ीगांव में पीसीसी पथ निर्माण तथा वार्ड संख्या 8 के महावीर नगर में आरसीसी एवं पुलिया निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की भी उपस्थिति रही।


