RANCHI: रांची रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा एक यात्री अचानक फिसलकर प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर गया। मौके पर मौजूद आरपीएफ जवान की तत्परता और बहादुरी से यात्री की जान बच गई। घटना रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 की है। जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 13351 एक्सप्रेस स्टेशन से खुल रही थी। इसी दौरान एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहा था, तभी उसका हाथ ट्रेन के हैंडल से छूट गया और वह प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच गैप में गिरकर घिसटने लगा।
ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के हेड कांस्टेबल रवि शंकर प्रधान ने घटना को देखते ही बिना देर किए साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए यात्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। पूछताछ में यात्री की पहचान विनय टोप्पो निवासी सेक्टर-16, जगन्नाथ पल्ली, राउरकेला इंडस्ट्रियल टाउनशिप, ओडिशा के रूप में हुई। उसने बताया कि ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में यह हादसा हुआ।

