Home » RANCHI NEWS: उपायुक्त ने की निबंधन कार्य से जुड़े जिला स्तरीय प्रशिक्षण की शुरुआत, दी ये सलाह

RANCHI NEWS: उपायुक्त ने की निबंधन कार्य से जुड़े जिला स्तरीय प्रशिक्षण की शुरुआत, दी ये सलाह

by Vivek Sharma
DC RANCHI
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

RANCHI: रांची में नागरिक निबंधन व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। शुक्रवार को समाहरणालय में नागरिक निबंधन कार्य (जन्म-मृत्यु) से जुड़े पदाधिकारियों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। उन्होंने कहा कि जन्म एवं मृत्यु का समय पर व सटीक निबंधन आवश्यक है। यह न केवल नागरिकों के मूलभूत अधिकारों से जुड़ा है, बल्कि आधार कार्ड निर्माण, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, मतदाता सूची में नामांकन, संपत्ति हस्तांतरण और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में भी सहायक होता है।

निबंधन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निबंधन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी संबंधित पदाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जन्म एवं मृत्यु का निबंधन निर्धारित 21 दिनों की समय-सीमा के भीतर पूरा हो। उपायुक्त ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले के सभी प्रखंडों, अंचलों और नगर निगम क्षेत्र में कार्यरत निबंधनकर्ताओं की क्षमता वृद्धि के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। प्रशिक्षण के दौरान सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम पोर्टल के उपयोग, दस्तावेजों के सत्यापन, त्रुटि सुधार और आम नागरिकों को बेहतर सुविधा देने से संबंधित नवीनतम दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का व्यावहारिक उपयोग करते हुए जनता को दलालों से मुक्त कर त्वरित और पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराएं।

प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी पंचायत सचिव सह रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु) की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक और प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी प्रत्येक माह कम से कम एक निबंधन इकाई की जांच कर उसकी रिपोर्ट जिला सांख्यिकी कार्यालय को उपलब्ध कराएं। प्रशिक्षण सत्र का संचालन जिला स्तर के प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स द्वारा किया गया, जिसमें व्यावहारिक प्रशिक्षण और प्रश्न-उत्तर सत्र पर विशेष जोर दिया गया।

इनकी रही मौजूदगी

कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची कुमार रजत, अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायत सचिव, नगर निगम के निबंधन कर्मी और अन्य संबंधित अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

READ ALSO: RANCHI NEWS: पेट्रोल भराने पहुंचे युवक को कार ने कुचला, जन्मदिन के दिन हो गई मौत

Related Articles