चाईबासा : झारखंड के कोल्हान प्रमंडल अंतर्गत सारंडा जंगल क्षेत्र स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, हेन्देदिरी में मंगलवार की मध्य रात्रि में जंगल से निकले 2 हाथियों ने भारी उत्पात मचाया। हाथियों ने स्कूल परिसर में घुसकर रसोईघर का दरवाजा तोड़ दिया और बच्चों के मध्याह्न भोजन के लिए रखे गए चावल, राशन व सब्जियां खा गए। इसके साथ ही रसोईघर में रखे अन्य सामानों को भी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद विद्यालय की मध्याह्न भोजन व्यवस्था पूरी तरह नष्ट हो गई है।
राशन समाप्त हो जाने के कारण बुधवार को बच्चों को भोजन नहीं मिल सका। स्कूल पहुंचे बच्चे भय के माहौल में पढ़ाई करने को मजबूर रहे, जबकि अभिभावकों में भी चिंता व्याप्त है। दुविल गांव निवासी वीर सिंह हंसदा ने बताया कि विद्यालय उनके गांव के हेन्देदिरी टोला में स्थित है। उन्होंने बताया कि रात में दो हाथियों ने स्कूल में जमकर उत्पात मचाया और काफी नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों का कहना है कि हाथी अब भी आसपास के जंगलों में मौजूद हैं, जिससे गांव में जान-माल का खतरा बना हुआ है। लोगों में दहशत का माहौल है और बच्चे भी स्कूल जाने से डर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि हाथियों को जल्द गांव क्षेत्र से दूर जंगल की ओर खदेड़ा जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके और स्कूल की व्यवस्था सामान्य हो सके।

