Home » Jamshedpur Firing News: जमशेदपुर के टिनप्लेट सब्जी बाजार में हवाई फायरिंग, रंगदारी नहीं मिलने पर वारदात की आशंका

Jamshedpur Firing News: जमशेदपुर के टिनप्लेट सब्जी बाजार में हवाई फायरिंग, रंगदारी नहीं मिलने पर वारदात की आशंका

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : गोलमुरी थाना क्षेत्र के टिनप्लेट सब्जी बाजार में शनिवार की रात हवाई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। फायरिंग की आवाज सुनते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदारों के साथ-साथ खरीदारी कर रहे लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ युवकों ने बाजार पहुंचकर कथित तौर पर एक लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। विरोध किए जाने पर आरोप है कि उन्होंने लोगों को डराने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग कर दी। हालांकि पुलिस ने अभी तक रंगदारी के एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। कुछ लोगों का कहना है कि फायरिंग करने वाले युवक नशे में थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान अचानक गोली चलने से पूरे बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई दुकानदारों ने तत्काल अपनी दुकानें बंद कर दीं, जबकि ग्राहक सुरक्षित स्थानों की ओर भाग गए। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल बना रहा।

सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि संदिग्ध आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। एहतियात के तौर पर बाजार क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की है।

Read also – Jamshedpur Rail News: पोटका के सिधिरसाई रेलवे स्टेशन का बदलेगा स्वरूप, 5 करोड़ की लागत से बनेगा नया भवन, सांसद और डीआरएम ने किया भूमिपूजन

Related Articles

Leave a Comment