Jamshedpur : कोल्हान क्षेत्र में बढ़ते अपराध और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करने के लिए कोल्हान के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा मंगलवार को जमशेदपुर पहुंचे। उनके आगमन पर पुलिस अधिकारियों और जवानों ने औपचारिक रूप से गार्ड ऑफ ऑनर देकर उनका स्वागत किया।
जमशेदपुर पहुंचने के बाद पुलिस कार्यालय में एक हाईलेवल क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के वरीय पुलिस अधिकारी, डीएसपी तथा विभिन्न थाना प्रभारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं, लंबित मामलों की स्थिति, अपराध नियंत्रण की रणनीति तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
साथ ही आने वाले दिनों में त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शहर में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस को और अधिक सतर्कता और सक्रियता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने विशेष रूप से चोरी, लूट, छिनतई और संगठित अपराध के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने पर जोर दिया।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और आम लोगों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।
बैठक के दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की रणनीति पर भी विस्तृत चर्चा हुई। डीआईजी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है और इसके लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।

