
Jamshedpur : सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मौनी बाबा मंदिर के आश्रम परिसर में शनिवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग गौशाला के पास बड़ी मात्रा में रखे पुआल में लगी। देखते ही देखते आग की लपटें तेज होने लगीं, जिससे मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, आश्रम परिसर में गौशाला संचालित होती है, जहां करीब पांच गायें रखी गई हैं। गायों के चारे के लिए बड़ी मात्रा में पुआल जमा कर रखा गया था। बताया जा रहा है कि बिजली बोर्ड में शॉर्ट सर्किट होने के बाद निकली चिंगारी पुआल पर गिर गई, जिससे उसमें आग लग गई।
आग लगते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर गायों को सुरक्षित बाहर निकाला और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। घटना की सूचना दमकल विभाग और सोनारी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
बाद में टाटा स्टील की दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर पूरी तरह काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी व्यक्ति या मवेशी के घायल होने की सूचना नहीं है। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।
Read Also: Jamshedpur Health News: एमजीएम में स्ट्रेचर के अभाव में ऑटो में ही तड़प कर मरीज की चली गई जान


