Home » Durand Cup 2026 : रांची में भव्य आगाज के साथ शुरू हुआ 135वां इंडियनऑयल डूरंड कप

Durand Cup 2026 : रांची में भव्य आगाज के साथ शुरू हुआ 135वां इंडियनऑयल डूरंड कप

by Nikhil Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची। एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट 135वें इंडियनऑयल डूरंड कप का रविवार को रांची के मोराबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में भव्य और रंगारंग उद्घाटन हुआ। उद्घाटन समारोह में झारखंड के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार, राज्यसभा सांसद महुआ माजी समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा रहा और पूरे परिसर में फुटबॉल का उत्साह देखते ही बन रहा था।

उद्घाटन समारोह की शुरुआत भारतीय सेना के चीता हेलिकॉप्टर के फ्लाई-पास्ट से हुई, जिसने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। इसके बाद सेना के पाइप एंड ड्रम बैंड की शानदार प्रस्तुति ने पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

इसके बाद गोरखा बटालियन के जवानों ने ‘कंधे से मिलते हैं कंधे’ और ‘वंदे मातरम’ जैसे देशभक्ति गीतों पर मनमोहक प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। वहीं सिख रेजिमेंट के जवानों ने पारंपरिक भांगड़ा प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

समारोह का मुख्य आकर्षण डूरंड कप के आधिकारिक थीम गीत ‘खेलेंगे… खेलेंगे… दिल से खेलेंगे’ पर कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुति रही। रंग-बिरंगी रोशनी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने उद्घाटन समारोह को यादगार बना दिया। उद्घाटन समारोह के बाद टूर्नामेंट का पहला मुकाबला जमशेदपुर एफसी और डिफेंडर्स एफसी (श्रीलंका) के बीच खेला गया। मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी स्टेडियम पहुंचे।

रांची में डूरंड कप का आयोजन झारखंड में फुटबॉल के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे राज्य के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को देश के शीर्ष क्लबों तथा अंतरराष्ट्रीय टीमों के खिलाड़ियों को करीब से देखने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा। उद्घाटन समारोह में उमड़ी भारी भीड़ ने यह भी साबित कर दिया कि झारखंड में फुटबॉल के प्रति लोगों का जुनून लगातार बढ़ रहा है।

Related Articles

Leave a Comment